
Deoghar: लोन का झांसा देकर खाता से अवैध राशि लेन-देन किए जाने को लेकर साइबर थाना में शिकायत दर्ज की गई है। देवीपुर थाना क्षेत्र के केबंदरवासा निवासी सरोज कुमार ने शिकायत दर्ज कराया है। उसका कहना है कि 2023 में इंडसइंड बैंक से 40 हजार रूपये का लोन लिया था।

लोन का पूरा भुगतान फरवरी 2024 में ही कर दिया था। लोन दिलाने का सारा प्रोसेस गिरिडीह जिला के बिरनी थाना क्षेत्र के गारडीह निवासी सोनू पासवान ने किया था। उसी ने बैंक में खाता खोलवाया और एटीएम भी दिया था। सोनू कुमार ने उसे विश्वास में लेकर लोन को दोबारा रिन्यूवल कराने के लिए बैंक का एटीएम पिन व यूपीआइ पिन मांगने पर उसे दे दिया। उसने इस दौरान कभी भी एटीएम का इस्तेमाल नहीं किया। 10 दिन पूर्व उसके खाता में किसी अंजान व्यक्ति द्वारा अलग- अलग किस्तों में लगभग 1.50 लाख रूपये जमा कराया। जमा कराई गई राशि को सोनू ने एटीएम के माध्यम से निकाल लिया। रकम निकाले जाने का मैसेज उसे मोबाइल पर प्राप्त हुआ।

इस बात की जानकारी लेने के लिए सोनू का उसके फोन पर संपर्क किया तो उसने काल रिसिव नहीं किया। इसी बीच एक लाख रुपया और उसके खाता में आया। इस रकम को भी सोनू ने निकाल लिया। कहा है कि सोनू कुमार को बुलाकर पूछताछ की जा रही थी। उसी दौरान वह अपना बाइक छोड़कर भागने लगा लेकिन ग्रामीणों के सहयोग से उसे पकड़ कर देवीपुर थाना की पुलिस के हवाले कर दिया गया। बाद में पुलिस ने पीआर बांड पर उसे छोड़ दिया।
पीड़ित ने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि उसके खाता में सोनू साइबर ठगी का रुपया जमा कराता है। जिसे बाद में वह निकाल लेता है। साइबर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


