
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के कास्टर टाउन स्थित डीएवी स्कूल के पास सोमवार को सरे शाम बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने के चेन की छिनतई कर फरार हो गये। इसे लेकर महिला द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ ऋतिक श्रीवास्तव, नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार, एसआई ओम प्रकाश सिंह सहित तकनीकी सेल के जवान पहुंचे। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुट गए। घटना की बावत पीड़ित माथाबांध निवासी पायल मोदी ने बताया कि वह अपनी बुआ किरण देवी के साथ बाजला चौक स्थित डॉक्टर के पास दिखाने गई थी। वहां से टोटो से वापस घर लौट रही थी। उसी क्रम में कास्टर्ड टाउन स्थित डीएवी स्कूल के पास टोटो से वह सब्जी खरीदने के लिए उतरी थी। इस दौरान बाइक सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और गले से चेन खींचकर फरार हो गए।

बताया कि चेन करीब 24 ग्राम का था। जिसकी कीमत लगभग 1.70 लाख के आसपास थी। घटना के बाद पुलिस जांच करने में जुट गई है।


