
Jamui News : जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के खिलार पंचायत के करमताड़ इलाके में सड़क हादसे में मकर संक्रांति मेला से लौट रही एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय सुलेखा देवी, पत्नी गिरजा सिंह, निवासी पवना गांव, खिलार पंचायत, लक्ष्मीपुर के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मकर संक्रांति पर झाझा के झोपादह इलाके में लगे मेले में महिला अपने परिवार के साथ गई थी। मेला देखकर लौटते समय करमताड़ के पास उनकी ऑटो पलट गई, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना में कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं, हालांकि उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। लक्ष्मीपुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इस दुर्घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने बताया कि सुलेखा देवी मकर संक्रांति मेला देखने के लिए काफी उत्साहित थीं, लेकिन यह खुशी एक दर्दनाक हादसे में बदल गई।
लक्ष्मीपुर थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा, “मेला से लौटने के दौरान यह हादसा हुआ है। एक महिला की मौत हो गई है, और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।”
इस हादसे ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि परिजनों को सांत्वना देने के प्रयास किए जा रहे हैं।


