Godda: लोकसभा चुनाव अब धीरे-धीरे अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ने लगा है। झारखण्ड के संताल परगना में भी अंतिम चरण यानी एक जून को चुनाव होना है। लिहाजा राष्ट्रिय दलों के बड़े नेताओं का संताल परगना की तरफ अपने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में दौरा जोर पकड़ने लगा है। इसी कड़ी में गोड्डा लोकसभा सीट के दो तगड़े दावेदारों प्रदीप यादव और निशिकांत दुबे के लिए कांग्रेस नेत्री प्रियंका गाँधी तथा मध्य प्रदेश के भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का दौरा बुधवार को हुआ।
प्रियंका गाँधी ने नरेंद्र मोदी और निशिकांत दुबे पर जमकर निकाली भड़ास !
गोड्डा मेला मैदान स्थित इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रिय महासचिव ने प्रधानमंत्री मोदी ,भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गाँधी ने मोदी सरकार को पूंजीपतियों की सरकार बताते कहा कि 16 लाख करोड़ के कर्ज इन खरबपतियों के माफ़ किये गए मगर गरीबो और किसानो के माफ़ नही किये गए। प्रियंका ने कहा अगर उनकी सरकार बनी तो किसानों को उनके फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिलेगा ,साथ ही प्रत्येक गरीब परिवारों के खाते में साढ़े 8 हजार रूपये प्रतिमाह मिलेगा।
बेबुनियाद आरोप लगाकर प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजा गया है जेल :प्रियंका
अपने संबोधन में प्रियंका गाँधी ने भाजपा की केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बेवजह और बेबुनियाद आरोप लगाकर पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भेजा गया ताकि वे चुनाव जीत सकें ,मगर इनकी मंशा कभी पूरी नहीं होगी। इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो हेमंत के जेल से छुटने का रास्ता भी साफ़ हो जायेगा।
मोदी जी और भाजपा प्रत्याशी कभी जनता के बीच नहीं जाते : प्रियंका
प्रियंका गाँधी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि चाहे वो प्रधानमंत्री मोदी हों या फिर गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ,कभी भी जीतने के बाद अपने क्षेत्र की जनता से नहीं मिले ,और न ही उनका हाल चाल जाना। कहा कि गोड्डा के वर्तमान भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे ताज होटल में बैठे रहते जबकि इंडिया गठबंधन प्रत्याशी प्रदीप जी जनता के बीच रहते हैं। अब यहाँ की जनता को तय करना है कि ताज होटल वाले नेता को चुनना है या अपने बीच के नेता को।
कल्पना सोरेन ने भी भाजपा पर निकाली अपनी भड़ास
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने अपने संबोधन में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जितने भी भ्रष्ट लोग हैं उन्हें भाजपा में बड़े बड़े पद पर बैठाया गया है। भाजपा के पास ऐसी मशीन है जहां जाकर सभी भ्रष्ट लोग पाक साफ़ होकर निकल जाते हैं। उन्होंने जनता से सोच समझकर इस बार के चुनाव में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि प्रदीप यादव को जीताकर संसद में भेजें ताकि जिस तरह वे विधानसभा में जनता के लिए आवाज बनते है उसी तरह वहाँ भी झारखंडियों की आवाज बन सकें।