
Deoghar: देवघर में दहेज के लिए एक नव विवाहिता की हत्या कर दी गई। घटना को लेकर लड़की के पिता महेश दास ने पथरोल थाना में आवेदन देकर लड़की के ससुराल वालों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। घटना पथरोल थाना क्षेत्र में बीती रात की बताई जा रही है।

लड़की के पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी खुशी भारती का विवाह पथरोल थाना में कार्यरत रेडियो आपरेटर श्री कांत दास से 11 मार्च 2023 को बड़ी धूमधाम से किया था। विवाह में उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज भी दिया था। शादी के कुछ दिन तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा। लेकिन कुछ दिनों बाद उनकी बेटी को उसके ससुराल वाले दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। ससुराल वाले विवाहिता से अतिरिक्त दहेज और मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। इसके खातिर उसके साथ अक्सर मारपीट भी किया जा रहा था। मगर फिर भी लड़की के ससुराल वालों का अत्याचार कम नहीं हुआ। जिसके बाद बीती रात लड़की के मायके वाले को ससुराल वालों ने को सूचना दिया कि बेटी एक कमरे में बंद है। सूचना के बाद लड़की के मायके वाले उसके ससुराल पहुंचे तो देखा की बेटी पंखे से लटकी है। आनन-फानन में मायके वालों ने बेटी को सदर अस्पताल लाया। जहां उनकी बेटी मृत पाई गई। ससुराल वाले और मृतका के पति फरार हो चुके थे।

मृतका के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। गला दबाने के भी निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि गला घोंटकर उसकी हत्या की गई होगी। घटना को लेकर मृतका के परिजनों में काफी रोष देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। पुलिस मृतका के ससुराल वालों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।



