Dumka: राहुल गांधी भारत विरोधी विदेशी ताकतों के साथ मिले हुए हैं और उनका उद्देश्य तरह-तरह के आंदोलन के जरिए देश का टुकड़ा करना है। ये आरोप गोड्डा लोकसभा से भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर लगाया है। डॉ. निशिकांत दुबे ने दुमका परिसदन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बातें कही।

गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी और पूरे विपक्ष पर भारत विरोधी विदेशी ताकतों और राष्ट्रविरोधी तत्वों के साथ मिलकर देश को अस्थिर करने का बड़ा आरोप लगाया। मीडिया से बात करते हुए सांसद ने अमेरिकी कांग्रेस और अन्य अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों के दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि देश में चल रहे हालिया आंदोलन महज संयोग नहीं बल्कि एक सोची-समझी अंतरराष्ट्रीय साजिश है।
विदेशी ताकतों से सांठगांठ का आरोप

सांसद दुबे ने आरोप लगाया कि चीन में बैठे नेविल रॉय सिंघम, हवाला फंडिंग नेटवर्क, सोरोस फाउंडेशन और अमेरिकी सांसद इल्हान उमर जैसी भारत विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश के भीतर ‘रेजीम चेंज’ की पटकथा लिखी जा रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे पिछले 10 वर्षों में 270 बार विदेश जाकर किन शक्तियों के संपर्क में रहे, इसका जवाब उन्हें देश को देना चाहिए।
क्रिप्टोकरेंसी और ऑनलाइन लॉबी से जुड़े होने का दावा
सांसद ने स्पष्ट किया कि केंद्र की मोदी सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध लगाया, क्रिप्टोकरेंसी को वैध मुद्रा मानने से इनकार किया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर सख्त नीतिगत नेतृत्व दिया। इसी वजह से इन तीनों क्षेत्रों के वैश्विक कार्टेल और लॉबी भारत सरकार के खिलाफ माहौल बना रहे हैं और विपक्ष उनके हाथ का औजार बन चुका है।
4 वर्षों में राहुल गांधी वृद्धा पेंशन के हो जाएंगे हकदार: एमपी निशिकांत
सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि 56 साल के राहुल गांधी जींस और शर्ट पहन कर अपने को युवा कहते हैं । हमारे देश में 60 वर्ष के लोगों को वृद्धा पेंशन दिया जाता है। ऐसे में वे भी चार वर्षों में वृद्धा पेंशन के हकदार हो जाएंगे।
‘सरकार बदलने का अधिकार सिर्फ जनता को’
डॉ निशिकांत दुबे ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था में पूरी आस्था रखती है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासनकाल में लगे आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा न तो आपातकाल जैसी व्यवस्था में विश्वास करती है और न ही चुनाव टालने में. उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार को हटाने या सत्ता में लाने का अधिकार केवल जनता के पास है।
सांसद ने दावा किया कि भाजपा कथित अंतरराष्ट्रीय साजिशों और विपक्ष की भूमिका से जुड़े पूरे मामले को लेकर जनता के बीच जायेगी। उनके अनुसार, चुनाव ही वह माध्यम है, जिसके जरिये जनता अपना फैसला सुनाती है और देश की दिशा तय करती है।



