
Deoghar: देवघर से मुंबई व गुवाहाटी के लिए सीधी हवाई सेवा जून के अंतिम सप्ताह में शुरू हो सकती है। जिसको लेकर पहल शुरू हो गई है। देवघर से मुंबई के लिए फ्लाइट की मांग को देखते हुए देवघर से मुंबई फ्लाइट का प्रस्ताव पहले ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को भेजा जा चुका है। वहीं असम व त्रिपुरा इलाके से सत्संग आश्रम आने वाले अनुयायियों की संख्या को देखते हुए देवघर से गुवाहाटी के लिए सीधी हवाई सेवा का प्रस्ताव भेजा गया है।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, दिल्ली ने देवघर एयरपोर्ट से गुवाहाटी और मुंबई दोनों शहरों के लिए स्लॉट आवंटित करने की विभागीय प्रक्रिया पूरा की जा रही है। इंडिगो के साथ-साथ अन्य एयरलाइंस कंपनियों को भी दोनों शहरों के लिए सूचना भेजी गयी है। बताया जाता है कि देवघर एयरपोर्ट पर जून के अंतिम सप्ताह से इन दोनों शहरों के लिए रात्रि हवाई सेवा शुरू हो सकती है।

मुंबई और गुवाहाटी के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करने की पहल को लेकर सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि बाबानगरी देवघर देश के चारों दिशा से जुड़ने वाला है। देवघर से उत्तर भारत के लिए दिल्ली, पूर्वी भारत के लिए कोलकाता तक हवाई सेवा है। अब एक जून से दक्षिण भारत के लिए बेंगलुरु व जून अंतिम सप्ताह में पश्चिम भारत के लिए मुंबई व पूर्वोत्तर भारत के गुवाहाटी तक देवघर से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। सांसद ने कहा कि देवघर सहित संताल परगना इलाके के बड़ी संख्या में छात्र, बिजनेसमैन, व प्राइवेट नौकरी वाले लोग मुंबई आना-जाना करते हैं। अभी कनेक्टिंग फ्लाइट से इन यात्रियों को देवघर आने में समय लग रहा है। असम व त्रिपुरा सहित उत्तर पूर्व इलाके से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सत्संग आश्रम व बाबा मंदिर आते हैं। उन्हें सहूलियत हो जाएगी। उन्होंने बताया कि मुंबई व गुवाहाटी के लिए देवघर से सीधी फ्लाइट की सुविधा जून अंतिम सप्ताह से चालू होगी। सारी प्रक्रिया अंतिम चरण पर है। जून में शेड्यूल भी जारी हो जायेगा।


