Deoghar/Ranchi: गुरुवार को मोहनपुर थाना क्षेत्र में देवघर-गोड्डा मुख्य मार्ग पर घाघरा मोड़ के पास दर्जनों गे ले जा रहे दो व्यक्ति को गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के अंगरक्षकों ने पकड़ कर पुलिस को सौंपा था। जिसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया है।

दरअसल, गुरुवार को सांसद के अंगरक्षकों द्वारा पकड़े गए दोनों व्यक्ति को पुलिस लेकर थाना भी आई थी। जिसे बाद में छोड़ दिया गया। लेकिन, इस मामले में बलथर निवासी एक शख्स के बयान पर गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे और कुछ अज्ञात समर्थकों के खिलाफ ही मामला दर्ज किया गया।

अब मामला दर्ज होने के बाद सियासत गरमा गई है। एक ओर सांसद जहां पकड़े गए दोनों शख्स को भगा देने या हत्या का आरोप झारखंड पुलिस पर ही लगा रहे हैं तो दूसरी ओर भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन से कहा है कि ये आपको कौन सा पागलपन सवार हो गया है?
सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर लिखा है “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी,पकड़े गए बंगलादेशी गाय तस्कर अफ़रोज़ व मुस्ताक जो वीडियो में दिखाई दे रहे हैं,उनको झारखंड पुलिस ने या तो भगा दिया या हत्या कर दी ? मेरे उपर केस करने वाले ऐसे आदमी हैं जो मुसलमान हैं और देवघर के गाँव बलथर के हैं।मोहनपुर थाने के पुलिस जो वीडियो में तस्कर को पकड़ते दिख रहे हैं,उनके उपर अफरोज व मुस्ताक की हत्या का केस दर्ज करिए।”
वहीं, बाबूलाल मरांडी ने लिखा है ” देवघर ज़िले में गौ तस्करों को बांग्लादेश ले जा रहे सैकड़ों पशुधन के साथ पुलिस से पकड़वाने वाले सांसद निशिकांत दुबे जी पर ही कल एफ़आइआर। आज किसी गिरफ़्तार अपराधी का फ़ोटो खींचने वाले पत्रकार पर देवघर में एफ़आइआर। समझ में नहीं आता हेमंत सोरेन जी ये आपको कौन सा पागलपन सवार हो गया है? चार साल में विरोधियों को सताने और चुप कराने के लिये दो-ढाई सौ फ़र्ज़ी केश-मुक़दमा कराके भी मन नहीं भरा है क्या? समझ में नहीं आ रहा है कि जो लोग आपको ये सब ग़लत काम करने की सलाह दिये हैं और दे रहे हैं वो आपका भला करना चाहते हैं या आपकी कब्र खोदकर सोरेन राज परिवार के आतंक से झारखंड को स्थायी रूप से मुक्त कराने की दूरगामी योजना को सफल बनाने का काम कर रहे हैं?”
क्या है मामला
मोहनपुर थाना क्षेत्र में देवघर-गोड्डा मुख्य मार्ग पर घाघरा मोड़ के पास 26 दिसंबर को दर्ज शिकायत के आधार पर गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे और कुछ अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गायों को ले जा रहे दो व्यक्तियों को सांसद के अंगरक्षकों ने हिरासत में लिया और पुलिस को सौंप दिया।
सूत्रों के अनुसार, बलथर गांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि वह मवेशी खरीद कर मोहनपुर हाट जा रहा था। कथित तौर पर, वहां से गुजर रहे डॉ. निशिकांत दुबे और कई लोगों ने अपनी कार रोकी, तीन-चार लोगों के साथ उतरे और मवेशियों को भगा दिया। शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि उन पर बांग्लादेशी होने का आरोप लगाया गया और पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले आई, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है, जिसमें सांसद डॉ निशिकांत दुबे समेत तीन-चार अज्ञात लोगों पर मवेशियों को जबरन ले जाने और उन्हें बांग्लादेशी करार देने का आरोप लगाया गया है।



