Patna: बिहार के लोगों के लिए गुड न्यूज़ है। जल्द ही राज्य को हाई स्पीड बुलेट ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। बुलेट ट्रेन से पटना और दिल्ली की दूरी मात्र 4 से 5 घंटों की ही रह जाएगी। जल्द ही इस परियोजना पर काम शुरू हो सकता है।

मिला जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-वाराणसी-पटना होते हुए सिलीगुड़ी तक प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) कॉरिडोर परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से काम शुरू हो गया है। स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) की ओर से इस कॉरिडोर के लिए डीपीआर रिपोर्ट बना ली गई है। इस रिपोर्ट को रेल मंत्रालय को भी सौंप दिया गया है। इस परियोजना के लिए लगभग 865 किलोमीटर लंबा ट्रैक बिछाया जाएगा। बिहार में पटना के अलावा भी कई जिलों से बुलेट ट्रेन गुजरेगी।

बताया जा रहा है कि बुलेट ट्रेन परियोजना में काम में तेजी के लिए अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इंडियन रेलवे की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों से आवेदन भी मांगे गए हैं। इनकी नियुक्ति 30 दिनों में किए जाने की बात कही जा रही है। रेलवे के एक अधिकारी की माने तो, एनएचएसआरसीएल की ओर से वरिष्ठ टेक्नोक्रट्स की नियुक्ति तेज कर दी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों की होगी नियुक्ति
- अधिसूचना जारी: NHSRCL ने वरिष्ठ टेक्नोक्रैट्स की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करते हुए 7 सितंबर 2026 को दो अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं।
- पद और अवधि: प्रतिनियुक्ति (deputation) के आधार पर तीन OSD (विशेष कार्य अधिकारी) और तीन AGM (अपर महाप्रबंधक) स्तर के अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
- समय-सीमा: अधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया को अगले 30 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
- तैनाती के केंद्र: ये अधिकारी दिल्ली, नोएडा-नई दिल्ली, आगरा, लखनऊ, वाराणसी और पटना में तैनात रहकर परियोजना के जमीनी संचालन का जिम्मा संभालेंगे।
बिहार में बुलेट ट्रेन का संभावित मार्ग
बिहार के संदर्भ में ये बुलेट ट्रेन परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वाराणसी के रास्ते बिहार में प्रवेश करने के बाद यह कॉरिडोर बक्सर, आरा, पटना जैसे प्रमुख शहरों से गुजरते हुए आगे सिलीगुड़ी की ओर बढ़ेगा। बिहार में पटना इसका स्टॉपेज हो सकता है।
बता दें कि अभी पटना से दिल्ली का सफर तय करने में लगभग 10 से 12 घंटे लगते हैं लेकिन आने वाले दिनों में इसे चार से पांच घंटे में ही पूरा किया जा सकेगा। केंद्र सरकार दिल्ली से बिहार तक हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी की योजना पर तेजी से काम कर रही है। बिहार के लोगों को हाई स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की सुविधा आने वाले कुछ सालों में मिल सकती है। इससे राज्य के आर्थिक और औद्योगिक विकास को एक नई दिशा मिलेगी।



