Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके के जसीडीह मुख्य मार्ग पर डढ़वा नदी पुल के पास रविवार की देर रात्रि को एक ऑटो में अज्ञात वाहन ने जोरदार धक्का मार दिया। इस घटना में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए देर रात को पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
मृतक का नाम कैलाश कुमार वर्मा उर्फ छोटू है जो जसीडीह थाना इलाके के देवपुरा का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह ऑटो चला कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। बताया जाता है रविवार की देर रात को जसीडीह से सवारी बैठा कर देवघर जा रहा था। इसी क्रम में डढ़वा नदी के पास पीछे से एक अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया।
घटना में ऑटो सवार छह व्यक्ति को मामूली रुप से चोट लगी थी। जबकि चालक गंभीर रुप से घायल हो गया था। इधर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इसे लेकर परिजनों ने नगर थाना में लिखित शिकायत दिया है।