
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह स्टेशन पर गुरुवार को हुए एक हादसे ने वहां मौजूद तमाम लोगों को झकझोर कर रख दिया।

बताया जा रहा कि एक 32 वर्षीय युवक प्लेटफार्म संख्या दो पर बैठ कर किसी ट्रेन के आने का इंतजार कर रहा था। इस दौरान डाउन लाइन पर पूर्वा एक्सप्रेस के आने की सूचना हुई। प्लेटफार्म पर गाड़ी आने पर वह अचानक उठकर आरपीएफ पोस्ट के करीब एक नंबर प्लेटफार्म के पास पहुंचा। पूर्वा एक्सप्रेस का इंजन आगे निकलने के बाद जब ट्रेन की गति धीमी हुई तभी उसने ट्रेन के नीचे सिर को पटरी पर रख दिया, जिससे युवक का शरीर दो टुकड़े में कट गया।

इधर, घटना की जानकारी आरपीएफ पोस्ट को मिलने पर मौके पर पुलिस ने पहुंचकर मृतक के पास एक मोबाइल को जप्त किया। पुलिस ने मोबाइल पर आए फोन की जांच पड़ताल करने पर पाया कि मृतक शशी सिंह देवघर सदर थाना के बिलासी मोहल्ला का रहने वाला था। वर्तमान में वह बैद्यनाथपुर में रहता था।
राजकीय रेल पुलिस ने युवक के शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है।
घटना को लेकर राजकीय रेल थाना प्रभारी तारिक अनवर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हो पाएगा।
इधर, घटना के बाद प्लेटफार्म पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई।


