Deoghar : देवघर में थाना भी अब चोरों से महफूज नहीं है। चोर तो अब थाना के सरिस्ता जैसे महत्वपूर्ण स्थल से चोरी को अंजाम देने लगे हैं। यह मामला देवघर के नगर थाना का है जहां के सरिस्ता से चोरों ने थाना के महत्वपूर्ण टैब की चोरी कर ली।
यह घटना 14 मार्च 2024 की बतायी जाती है। इसे लेकर नगर थाना में पदस्थपित एसआई ओमप्रकाश सिंह के बयान पर कांड संख्या 189/24 में अज्ञात चोरों पर मामला दर्ज कराया गया है। कहा गया है कि उक्त टैब में डायल 112 एवं एम पासपोर्ट एप एवं अन्य सरकारी लोड था।
कहा गया है कि सरकारी टैब को नगर थाना कार्यालय सरिस्ता से किसी अज्ञात चोर द्वारा जानबूझकर चोरी कर लिया गया है। चोरी की घटना हुए करीब एक माह गुजर गये लेकिन नगर पुलिस अपने यहां से चोरी हुए टैब का पता नहीं लगा सकी है।
इससे यह पता चलता है की नगर थाना की पुलिस कितना अपने कार्य के प्रति समर्पित है। जब थाना ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों का क्या होगा। शहर में आये दिन छिनतई और चोरी की घटना में वृद्धि होते जा रही है।
राह चलते महिला गले से चेन की स्नेचिंग, आम लोगों से मोबाइल की छिनतई सहित चोरी की घटना नगर थाना इलाके में आम सी हो गयी है।