
Deoghar: देवघर जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र के पहरडीह में मंगलवार की रात को कार पर सवार होकर कुछ अपराधी पहुंचे और अपने आप को साइबर पुलिस कहकर मिथुन पंडित के घर में घुसकर लूट मचाने लगे। इस दौरान थाने की गश्ती गाड़ी गुजर रही थी। पुलिस वाहन को देख कर लुटेरे भागने का प्रयास करने लगे। भागने के दौरान एक अपराधी को जवानों ने दबोच लिया, वहीं अन्य भागने में सफल रहे।

मौके पर से पुलिस ने एक उड़ीसा नंबर की कार को भी जब्त किया है। दबोचा गया अपराधी बिहार के मुंगेर जिला के असरगंज थाना क्षेत्र के सजूआ का रहने वाला है जिसका नाम कुमार प्रिंस निराला है। पुलिस के पूछताछ में उसने कई अपने साथियों के नाम बताये है।

बताया जाता है कि इस लूट कांड में मधुपुर और बिहार के मुंगेर जिला के अपराधी शामिल थे। बताया जाता है कि अपराधी घर मे घुसकर लूट को अंजाम ही दे रहे थे कि उसी दौरान अचानक पुलिस कि पेट्रोलिंग पार्टी वहां पहुंच गई। पुलिस वाहन को देखकर अपराधी भागने लगे। तब घर वाले पुलिस को देखकर चिल्लाने लगे। दौड़ कर जवानों ने भाग रहे एक अपराधी को पकड़ लिया। वहीं अन्य अपराधी लगभग 40 हजार नगद लेकर फरार हो गए।
बताया जाता है कि कई अपराधी पुलिस कि वर्दी भी पहन रखा था। इधर देवघर पुलिस फरार हुए अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी करने में जुट गई है।



