
Ranchi / Hazaribag: झारखंड के हजारीबाग जिले की सिविल कोर्ट (Hazaribagh District Civil Court) ने गर्भवती पत्नी और एक साल की बेटी की निर्मम हत्या करने के बाद उनकी लाशें कुएं में फेंकने के आरोपी आनंद दांगी को फांसी की सजा सुनाई है।

यह वारदात हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड में वर्ष 2018 में हुई थी। मृतका अंगिरा कुमारी के पिता प्रीतम दांगी मे चौपारण थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
एफआईआर के मुताबिक आनंद दांगी ने गर्भवती पत्नी अंगिरा कुमारी और एक साल की बेटी को पहले धारदार हथियार से काटा और इसके बाद उनके शवों को कुएं में फेंक दिया।
जांच दौरान पुलिस ने शवों के साथ हत्या के लिए इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया था। पुलिस जांच से खुलासा हुआ था कि आनंद कुमार दांगी का दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध था। इसी वजह से उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।

हजारीबाग व्यवहार न्यायालय के अपर जिला सत्र न्यायाधीश षष्टम कशिका एम प्रसाद की अदालत ने गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर आनंद दांगी को दोषी करार दिया। कोर्ट ने इसे रेयरेस्ट ऑफ द रेयर मामला मानते फांसी की सजा सुनाई। (IANS)


