
Deoghar: आरएसएस के विभाग प्रचारक बिगेन्द्र जी के सम्मानित उपस्थिति में भारत विकास परिषद, देवघर शाखा द्वारा आयोजित 5 दिवसीय बाल संस्कार शिविर का आज भव्य रूप से समापन हुआ जिसमें देवघर के विभिन्न विद्यालयों के 50 बच्चों ने भाग लिया। भारतीय सभ्यता और संस्कृति से अभिप्रेरित यह शिविर अभूतपूर्व रुप से अपने उद्देश्यों में सफल रहा। प्रतिदिन प्रातः 6.30 से 10 बजे तक चल रहे शिविर को 6 सत्रों में कार्यरूप दिया गया। सबसे पहले एक घंटे आर्ट ऑफ लिविंग के सुप्रसिद्ध प्रशिक्षक श्री निशान्त कुमार ने व्यायाम, योगासन, सूर्य नमस्कार, ॐ स्वरंजन, सांस क्रिया, ध्यान और भजन का अभ्यास कराया। निशांत के रोचक अंदाज से बच्चों ने इस योग व्यायाम सत्र का खूब मजा लिया।

दूसरे सत्र में संस्कृत भाषाज्ञान, श्लोक व सूक्ति पाठ, वेद-उपनिषद और अन्य ग्रंथों पर आधारित शिक्षा बच्चों को दिया गया। इस सत्र में संस्कृत के विद्वत शिक्षक बालानंद संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल झा, डॉ. गौतम राजहंस, डॉ. नरेन्द्र ठाकुर और डॉ. विजय शंकर ने बच्चों को अभिसिंचित किया।

तीसरा और चौथा सत्र बौद्धिक, नैतिक और धार्मिक ज्ञान का था। इन सत्रों में प्रदीप कौशिक महाराज, विश्वभारती शांतिनिकेतन के डॉ. सुभाष चन्द्र राय, डॉ. डॉ. नीतू, एस. डी. मिश्रा, रामसेवक सिंह गुंजन, आरएसएस के दिनेश कुमार, दिल्ली से आए नीरज कुमार, आर. के. मिशन के प्राचार्य स्वामी दिव्यसुधानंद जी और विभाग प्रचारक बिगेन्द्र कुमार ने बच्चों का मार्गदर्शन किया।
पांचवे सत्र में प्रतिदिन अलग-अलग क्रिएटिव वर्क सत्र आयोजित हुआ। पहले दिन आर्ट की जानकारी प्रसिद्ध कलाकार पावन राय ने दी। दूसरे दिन नृत्य का शिक्षण रोशनी केशरी और आशा ने दिया। वहीं तीसरे, चौथे और पांचवे दिन क्रमशः भारत को जानो क्विज, ट्रेजरर हंट और टैलेंट हंट का बड़ा ही रोचक क्रिएटिविटी राही मल्लिक और आकांक्षा बर्णवाल ने मिलकर कराया।
इसके अतिरिक्त प्रतिदिन एक यंग एचीवर्स के साथ बच्चों को मिलाया गया। इसमें डॉ. रुपाली चौधरी, आइएसएम के छात्र और इस वर्ष आइआइएम के लिए चयनित अनुभव, मात्र 21 वर्ष में इसी वर्ष सीए बने किशन शांडिल्य जैसे लोग शिविर पहुंचे। साथ ही हर दिन शिविर में राष्ट्रीयता बोध से सिंचित गीत ‘बनें हम हिन्द के योगी’ और ‘ देश हमें देता है सबकुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें’ का अभ्यास रोशनी केशरी ने कराया। 5 और 6 जून को बच्चों द्वारा भारतीय परंपरा के अनुसार पान पत्ता और नारियल देकर, तिलक लगाकर तथा पांव छूकर गुरुवंदन कराया गया। स्वामी दिव्यसुधानंद जी, आचार्य नरेन्द्र ठाकुर, विजय शंकर जी तथा बिगेन्द्र कुमार जी का गुरुवंदन हुआ। शिविर में प्रतिदिन बच्चों के लिए अल्पाहार भी कराया गया।
आज समापन के दिन सभी बच्चों को सहभागिता प्रमाण-पत्र परिषद के संरक्षक अरुण गुटगुटिया, विभाग प्रचारक बिगेन्द्र कुमार और अन्य सम्मानित अतिथियों ने प्रदान किया। इसके अलावे शिविर के दौरान बच्चों द्वारा बनाए गए 12 श्रेष्ठ आर्ट बनाने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। सभी बच्चों और अतिथियों को एक-एक पुस्तक भी भेंट किया गया। इसी दरमियान 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर तक्षशिला विद्यापीठ में पौधारोपण किया गया। परिषद सदस्यों के परिवार से इस वर्ष 10वीं और 12वीं बोर्ड में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के खुशी में आदित्य विराट, आकांक्षा बर्णवाल और सृजन को विशेष रूप से प्रोत्साहन और सम्मान प्रदान किया गया। भाविप देवघर के अध्यक्ष आलोक मल्लिक, सचिव एस पी भुइयां बिलास और वित्तसचिव रंजीत कुमार बर्णवाल ने तक्षशिला विद्यापीठ के एडमिन राजीव मिश्रा को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उनके द्वारा शिविर के आयोजन के लिए तक्षशिला में स्थान और अन्य सभी सुविधाएं और सहयोग देने के लिए उनके प्रति आभार जताया गया। यह शिविर खासकर भारतीय सभ्यता, संस्कृति और धार्मिक मान्यताओं को केंद्रित रखकर किए जाने के कारण अभूतपूर्व रुप से सफल हुआ। इसकी चर्चा सभी कर रहे हैं कि ऐसा आयोजन देवघर में करना काफी सराहनीय है और लोग भाविप देवघर शाखा को बधाई दे रहे हैं।
शिविर संचालन में अध्यक्ष, सचिव और वित्तसचिव के साथ पूरा शाखा परिवार विशेषतः रूपा केशरी, विनीता मिश्र, प्रीति कुमारी, कंचन शेखर, प्रशांत कुमार सिन्हा, बिपिन मिश्र, अनिल मोदी, पशुपति कुमार तथा कई बच्चों के अभिभावकों का योगदान सराहनीय रहा।









