Deoghar: जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के पथरा गांव के पास बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। मृतका का नाम मालो देवी (21 वर्ष) है जो पथरा गावं की रहने वाली है।
घटना के बावत मृतका के पति नंदकिशोर पासवान ने बताया कि उसे डेढ़ वर्ष का एक बच्चा है जिसकी तबीयत खराब थी। बच्चे का इलाज कराने बाइक पर बैठकर भाई और पत्नी के साथ देवघर आ रहा था। उसी दौरान गांव की सड़क उबड़-खाबड़ होने के कारण बाइक के पीछे बैठी पत्नी गिर पड़ी और उसके सिर में अंदरूनी गंभीर चोट लग गई।
बताया कि पहले उसे उठाकर घर ले गए उस वक्त वह होश में थी। कुछ देर बाद घर में बेहोश हो गई। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया जहां देखने के बाद ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है।
बोलेरो वाहन के धक्के से बाइक सवार घायल
एक अन्य सड़क हादसे में बोलेरो वाहन से धक्का लग जाने के कारण बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना दर्दमारा-चांदन के बीच की बताई जाती है। इस घटना में जमुई जिले के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के धावाटांड गांव निवासी राजू शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे इलाज के लिए चांदन स्थित सीएचसी ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया।
घटना के बावत घायल राजू शर्मा ने बताया कि वह चांदन से कुछ सामान लेकर घर जा रहा था। उसी दौरान चांदन थाना क्षेत्र के सिलजोरी के पास एक अनियंत्रित बोलेरो ने उसके बाइक में धक्का मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसे 102 नंबर के एंबुलेंस से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया।