
Deoghar: देवघर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा की गठित टीमों द्वारा श्रावणी मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों द्वारा देवघर जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, परिवहन एजेंसियों, पेड़ा विक्रेताओं एवं भोजनालयों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित कराया गया तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई की गई। साथ ही निरीक्षण के क्रम में न्यू पटना ट्रांसपोर्ट एजेंसी में जांच के दौरान नंदन ब्रांड गाय घी का लगभग 45 किलोग्राम एक्सपायरी (जनवरी माह का) घी पाया गया, जिसे खाद्य सुरक्षा विभाग की उपस्थिति में तत्काल नष्ट कराया गया।

विराज ट्रेडिंग, क्लब ग्राउंड के समीप स्थित प्रतिष्ठान से खोया एवं पेड़ा के दो विधिक (लीगल) नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें गुणवत्ता जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। साथ ही लगभग 500 किलोग्राम संदिग्ध कृष्णा ब्रांड (प्रोपराइटरी फूड) पाए जाने पर संबंधित कंपनी को उक्त उत्पाद का बाजार से रिकॉल (उत्पाद वापसी) कराते हुए पेड़ा विक्रेताओं से वापस लेने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा निरीक्षण के दौरान विभिन्न पेड़ा प्रतिष्ठानों में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए शिवम पेड़ा भंडार (बुधराम झा चौक) से लगभग 23 किलोग्राम, गंगा साह पेड़ा भंडार से 08 किलोग्राम तथा भागीरथ साह पेड़ा भंडार (एस.बी. राय रोड) से 25 किलोग्राम मिलावटी पेड़ा नष्ट कराया गया।
इसके अतिरिक्त पप्पू जी पराठा, श्री राम पराठा, माँ चंद्रिका पेड़ा भंडार, श्री राम पेड़ा भंडार सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
साथ ही बाबा मंदिर के पूर्वी गेट के समीप स्थित सभी पेड़ा विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की सघन जांच कर खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
आगे निरीक्षण के दौरान जिन खाद्य कारोबारियों द्वारा बिना वैध खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण के खाद्य कारोबार संचालित किया जा रहा था, उन्हें खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक लाइसेंस/पंजीकरण प्राप्त करने हेतु नोटिस जारी किया गया तथा नियमानुसार शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को केवल मानक गुणवत्ता की खाद्य सामग्री का उपयोग करने, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का भंडारण अथवा विक्रय नहीं करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करने का निर्देश दिया है।
विभाग द्वारा श्रावणी मेला अवधि में यह विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।



