
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के बंका डढ़वा नदी शमसान घाट के पास डयूटी कर रहे एक चौकिदार की देर रात को गोली मारकर हत्या कर दी गयी। मृतक चौकिदार का नाम सिद्धेश्वर तुरी है जो बंका गांव का रहने वाला था। मामले को लेकर जसीडीह थाना में मृतक की पत्नी देवंती देवी के बयान पर हत्या एवं अर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया है। जिसमें कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

मामले में पत्नी ने कहा है कि 21 अप्रैल को 04 बजे शाम में उसके पति के मोबाइल पर बोढ़निया गांव निवासी विश्वेशर यादव ने कॉल किया था। पति ने उसे बताया था कि विश्वेसर ने कहा कि उसने आज पांच किलो दूध लाया है खीर का पार्टी करेंगें। बोले थे कि उक्त पार्टी में बोढ़निया का महेन्द्र यादव एवं सदानंद राउत सकिन छवेलबदिया, बचड़ सिंह साकिन बंका भी शामिल है।

कहा कि करीब 4.30 बजे शाम उसके पति सरकारी वर्दी पहन कर निकला और कहा कि बोढ़निया के विश्वेसर यादव के घर खीर खाने जा रहे हैं। शाम को 07 बजे के करीब पति के मोबाइल पर जब कॉल किया तो स्वीच ऑफ आने लगा। रात में पति की काफी खोजबीन की उपरांत विश्वेसर के घर भी खोजने पहुंची तो उसके घर में ताला लगा हुआ था। देर रात तक कुछ पता नहीं चला। 22 अप्रैल की सुबह गांव में हो हल्ला होने लगा कि उसके पति सिद्धेश्वर तुरी का शव डढ़वा नदी के पास पड़ा हुआ है। जानकारी मिलते ही परिवार के सभी सदस्य घटनास्थल पहुंचे तो देखा की पति की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है।
कहा है कि पूर्व में भी बंका निवासी मदन यादव, शीतल रायख् अर्जुन ठाकुर ने जमीन विवाद को धमकी दिया था कि तुम बहुत नजर में चढ़ गया है तुम्हे दिखा देंगे। आरोप है कि एक षडयंत्र के तहत घर से बुलाकर नामजद लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। इस मामले में जसीडीह पुलिस तीन संदिग्ध को हिरासत में लेकर पुछताछ करने में जुटी है।
तीन चिकित्सक की टीम ने किया पोस्टमार्टम
मृतक चौकिदार सिद्धेश्वर तुरी के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड में शामिल तीन डॉक्टर जिसमें डॉ डी पासवान, डॉ रवि प्रकाश और डॉ रवि कुमार ने किया। पोस्टमार्टम के पूर्व उसके शव का सीटी स्केन भी किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान सिर के पिछले भाग में फंसे बुलेट को भी निकाला गया।


