Deoghar : ऑपरेशन उपलब्ध के तहत आरपीएफ पोस्ट जसीडीह ने अवैध रूप से रेलवे आरक्षण टिकट खरीदकर यात्रियों को अधिक कीमत पर बेचने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 23 अक्टूबर 2026 को जसीडीह रेलवे स्टेशन के पीआरएस काउंटर संख्या 15 पर की गई। आरपीएफ के अनुसार गिरफ्तार युवक यात्रियों के लिए रेलवे आरक्षण टिकट खरीदकर वास्तविक किराये के अतिरिक्त करीब 200 से 300 रुपये प्रति यात्री वसूल कर अवैध आर्थिक लाभ कमाता था।

आरपीएफ पोस्ट जसीडीह के एएसआई समीर कुमार खा और हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार सिंह ने आरपीएफ/सीआईबी जसीडीह के एसआई मकरध्वज सिंह, हेड कांस्टेबल रवि प्रकाश सिंह और कांस्टेबल अमन के साथ संयुक्त निगरानी एवं छापेमारी की। कार्रवाई आरपीएफ/सीआईबी जसीडीह के आईपीएफ और पीसी/जेएसएमई के पर्यवेक्षण में सुबह 10:45 बजे से शुरू की गई।

निगरानी के दौरान करीब 11 बजे एक व्यक्ति स्लीपर क्लास तत्काल टिकट की बुकिंग के समय कतार में सबसे आगे खड़ा दिखाई दिया। उसने पीआरएस काउंटर संख्या 15 से रेलवे तत्काल सेवा आरक्षण-सह-यात्रा टिकट खरीदा और इसके बाद संदिग्ध तरीके से रेलवे परिसर से बाहर जाने लगा। संदेह के आधार पर आरपीएफ टीम ने उसे रोककर टिकट के स्वामित्व के संबंध में पूछताछ की।
पूछताछ में उसने टिकट खरीदने की बात स्वीकार की और अपना नाम अनमोल कुमार राउत, उम्र 24 वर्ष, पिता मनोज राउत, निवासी ग्राम रैडीह, पोस्ट घोरलास, थाना जसीडीह, जिला देवघर, झारखंड बताया।व्यक्तिगत तलाशी लेने से पहले छापेमारी दल के सदस्यों ने उपलब्ध गवाहों एवं पकड़े गए व्यक्ति के समक्ष स्वयं की तलाशी प्रस्तुत की।
इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में अनमोल कुमार राउत की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कई रेलवे आरक्षण टिकट और आरक्षण/रद्दीकरण फॉर्म बरामद हुए। बरामद सामान को 23 अक्टूबर को 11:22 बजे से 11:47 बजे के बीच विधिवत जब्ती सूची तैयार कर गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया। जब्त सामान पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लेबल लगाकर हस्ताक्षर किए गए।
चार रेलवे टिकट समेत फॉर्म बरामद
आरपीएफ के अनुसार बरामद टिकटों में पीएनआर संख्या 6211519941 का तत्काल सेवा आरक्षण-सह-यात्रा टिकट शामिल है। इसकी यात्रा तिथि 24 अक्टूबर 2026, ट्रेन संख्या 13351, धनबाद से जोलारपेट्टई, स्लीपर क्लास, दो यात्री और टिकट मूल्य 2,030 रुपये है। दूसरा टिकट पीएनआर संख्या 6611520773 का है। इसकी यात्रा तिथि 24 अक्टूबर 2026, ट्रेन संख्या 19436, जसीडीह से सूरत, स्लीपर क्लास, एक यात्री और टिकट मूल्य 1,015 रुपये है।
तीसरा टिकट पीएनआर संख्या 8155385102 का है। इसकी यात्रा तिथि 22 दिसंबर 2026, ट्रेन संख्या 11021, दादर से मदुरै, 2एसी, दो यात्री और टिकट मूल्य 5,290 रुपये है। चौथा टिकट पीएनआर संख्या 8155384919 का है। इसकी यात्रा तिथि 22 दिसंबर 2026, ट्रेन संख्या 11021, दादर से मदुरै, 2एसी, पांच यात्री और टिकट मूल्य 13,225 रुपये है। इसके अलावा एक भरा हुआ आरक्षण/रद्दीकरण मांगपत्र तथा दो खाली आरक्षण/रद्दीकरण मांगपत्र भी बरामद किए गए।
यात्रियों से 200 से 300 रुपये अतिरिक्त लेने की बात स्वीकारी
पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवक ने रेलवे आरक्षण टिकट व्यावसायिक उद्देश्य से खरीदने के लिए कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण या वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की। वह यह भी नहीं बता सका कि टिकट किन यात्रियों के लिए बुक किए गए थे। आगे पूछताछ में उसने बताया कि वह अलग-अलग यात्रियों के लिए रेलवे आरक्षण टिकट खरीदता था और वास्तविक रेलवे किराये के अलावा प्रत्येक यात्री से करीब 200 से 300 रुपये अतिरिक्त लेकर टिकट उपलब्ध कराता था। इस तरह वह अवैध आर्थिक लाभ कमाता था।
आरपीएफ के अनुसार प्रथम दृष्टया युवक का कृत्य रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 143 के तहत दंडनीय अपराध पाया गया। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:10 बजे एसआई मकरध्वज सिंह ने उसे गिरफ्तार किया। उसे गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी दी गई तथा उसके परिजन को भी सूचित किया गया।
इसके बाद गिरफ्तार युवक को संबंधित दस्तावेज और जब्त सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट जसीडीह लाया गया। इस मामले में आरपीएफ/सीआईबी जसीडीह के एसआई मकरध्वज सिंह की लिखित शिकायत पर आरपीएफ पोस्ट जसीडीह कांड संख्या 2673/2026, दिनांक 23.10.2026, रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की विस्तृत जांच कर निर्धारित अवधि में जांच रिपोर्ट न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी एसआई राजनी कुमारी को सौंपी गई है। गिरफ्तार युवक को संबंधित दस्तावेज और जब्त सामान के साथ उचित कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।



