Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के नीचे सिंघवा टोला में पुलिस ने मादक पदार्थ के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 01 किलो 80 ग्राम गांजा और 10.77 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजा की कीमत करीब 10 हजार रुपये और ब्राउन शुगर की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के नीचे सिंघवा टोला एवं आसपास के इलाके में राहुल महथा नामक व्यक्ति चोरी-छिपे अवैध मादक पदार्थ का कारोबार कर रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए नगर थाना की पुलिस टीम रात्रि गश्ती एवं सनहा सत्यापन के क्रम में निकली थी।

इसी दौरान 24 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली कि राहुल कुमार महथा अपने सिंघवा स्थित एस्बेस्टस के मकान में एक अन्य व्यक्ति के साथ मादक पदार्थ की बिक्री कर रहा है।
सूचना से वरीय अधिकारियों को अवगत कराने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, देवघर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने सिंघवा पहुंचकर राहुल कुमार महथा उर्फ राहुल महथा के एस्बेस्टस के मकान में छापेमारी की, जहां से दो लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार महथा उर्फ राहुल महथा (करीब 22/23 वर्ष), पिता साजु महथा, कालीबाड़ी चौक के पास, थाना नगर, जिला देवघर तथा राजीव कुमार सोनी (करीब 26 वर्ष), पिता स्व. राजन पोद्धार, सिविल लाइन, नंदन पहाड़, थाना नगर, जिला देवघर के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान राहुल कुमार महथा के पास से प्लास्टिक के झोले में पारदर्शी प्लास्टिक के अंदर गांजा जैसा पदार्थ तथा 5.40 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया गया। वहीं राजीव कुमार सोनी के पास से कागज में लिपटी कुल 23 पुड़िया, वजन 5.37 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया गया।
इस मामले में पुलिस अवर निरीक्षक मिथलेश कुमार के टंकित आवेदन के आधार पर देवघर नगर थाना कांड संख्या 452/2026, दिनांक 24.10.2026, धारा 20(b)(ii)(B)/21(b)/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मादक पदार्थ के सप्लायर के नाम का खुलासा हुआ है। सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि अवैध मादक पदार्थ सीमावर्ती जिले जामताड़ा, दुमका, बिहार के भागलपुर तथा पश्चिम बंगाल के आसनसोल से आने की जानकारी पुलिस को मिली है। पूर्व में भी इन स्थानों से जुड़े तस्करों को देवघर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है।
राजीव कुमार सोनी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजीव कुमार सोनी के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। इनमें देवघर नगर थाना कांड संख्या 64/2017 में धारा 307/34 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट, कांड संख्या 484/2022 में धारा 25(1-बीए)/26/31 आर्म्स एक्ट, कांड संख्या 468/2022 में धारा 148/149/341/323/324/307/379/385/386/42, कांड संख्या 485/2022 में धारा 392, जसीडीह रेल थाना कांड संख्या 962/2025 में धारा 153 रेलवे एक्ट, नगर थाना कांड संख्या 535/2021 में धारा 25(1-बीए)/26 आर्म्स एक्ट, नगर थाना कांड संख्या 252/2024 में धारा 21(ए)/20(बी)(i) एनडीपीएस एक्ट तथा रिखिया थाना कांड संख्या 88/2021 में धारा 379/411/34 भादवि शामिल हैं।
छापामारी दल
छापामारी दल में कुलदीप कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, देवघर; पु०नि०-सह-थाना प्रभारी रवि ठाकुर, नगर थाना देवघर; पु०अ०नि० मिथलेश कुमार; पु०अ०नि० घनश्याम गंझु; पु०अ०नि० सूरज कुमार; अशोक दास, नगर थाना तथा संजय कुमार पाण्डेय, नगर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।



