
Deoghar: आंध्र प्रदेश की महिला पत्रकार को झांसे में लेकर चार शख्स देवघर लेकर आये और बड़ी ठगी कर ली। मामले को सूचना पर नगर थाना की पुलिस छानबीन में जुट गई है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में सस्ते दाम में चार पहिया वाहन दिलाने के नाम पर ये ठगी की गयी है। अब पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।

बताया जाता है कि आंध्र प्रदेश प्रांत के तेलांगना की रहने वाली ज्योतसना खुद को महिला पत्रकार बताती है। उसे उसके एक परिचित व्यक्ति ने दिल्ली में सस्ते दाम में फार्च्यूनर गाड़ी दिलाने को लेकर झांसे में लिया। महिला उस परिचित व्यक्ति के साथ दिल्ली के लिए निकली। इस दौरान महिला के परिचित व्यक्ति के अलावा तीन अन्य लोग भी थे। जिसे महिला नहीं पहचानती है। चार पहिया वाहन से महिला को लेकर सभी दिल्ली ले जाने के लिए साथ लेकर निकले थे। महिला गाड़ी खरीदने के लिए आठ लाख रुपये साथ लेकर चारों व्यक्ति के साथ निकली थी। चारों व्यक्ति महिला को साथ लेकर मंगलवार रात देवघर पहुंचा। चारों ने महिला को बताया कि वे लोग प्रयागराग पहुंच चुके है। यहां का माहौल अभी ठीक नहीं है। इसलिए आप रात होटल में रूकिए, सुबह हमलोग दिल्ली चलेंगे। युवकों ने महिला को समझा-बुझाकर पैसे वाला बैग गाड़ी में छोड़कर होटल में जाने को कहा। महिला बैग को छोड़कर होटल चली गई। इसी बीच चारों रुपये लेकर फरार हो गए।

सुबह जब महिला ने उन चारों को नहीं पाया तो उनलोगों से संपर्क स्थापित करना चाहा लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद महिला को ठगे जाने का एहसास हुआ तो उसने आंध्र प्रदेश के एक वरीय पुलिस पदाधिकारी को घटना की जानकारी दी। आंध्र प्रदेश के वरीय पुलिस पदाधिकारी ने देवघर पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी कुमार अभिषेक व एसआइ अविनाश कुमार गौतम होटल पहुंचे। जहां महिला से घटना की जानकारी ली जा रही है।
नगर थाना की पुलिस होटल पहुंचकर महिला से मामले की जानकारी ले रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के साथ हुई ठगी की जांच की जा रही है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।



