
Ranchi: झारखंड में बदलते हुए राजनीतिक घटनाक्रम को इस वक़्त काफी अहम माना जा रहा है। सत्ता पक्ष में शामिल गठबंधन के दलों ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। राज्यपाल ने उन्हें मिलने का समय दिया है। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल से मिल कर विधायक सरकार बनाने के लिए अपने हस्ताक्षर वाला पत्र उन्हें सौंपेंगे। साथ ही परेड कर संख्या बल भी बतायेंगे।

सूत्रों के अनुसार कल्पना सोरेन या चम्पई सोरेन को अगले मुख्यमंत्री के लिए प्रस्तावित किया जा सकता है। इस बीच गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है “चमपई सोरेन जी को विधायक दल ने अगले मुख्यमंत्री के लिए प्रस्तावित किया । हेमंत सोरेन जी कल्पना सोरेन जी को मुख्यमंत्री परिवार के विरोध के कारण नहीं बना पाए। “

इधर, सत्ता पक्ष के अधिकतर विधायक मुख्यमंत्री आवास में ही जुटे हुए हैं, जहां ईडी की टीम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ कर रही है। सूत्रों का कहना है कि उसके बाद सभी विधायक सर्किट हाउस में रात गुजारेंगे और आगे की रणनीति पर बात होगी। इससे पहले झारखंड पर्यटक बस भी मुख्यमंत्री आवास पहुंचा था।



