
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के राय एंड कंपनी चौक पर स्थित हरदेव कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यालय में हुई गोली बारी मामले में घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई विशेष सुराग हाथ नहीं लगे हैं। मामले में नगर पुलिस अंधेरे में हाथ- पांव मारते दिख रही है।

सूत्रों कि माने तो पुलिस को कोई वैसा सीसीटीवी फुटेज भी नहीं प्राप्त हुआ है जिससे अपराधियों की पहचान हो सके। घटना के बाद से हरदेव कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मी काफी दहशत में हैं। सूत्रों कि माने तो पुलिस गैंगेस्टर अमन साहु के देवघर में स्थानीय अपराधियों के लिंक को खंगालने में जुटी है।

बताते चलें कि पिछले कुछ माह पूर्व कोलकाता स्थित एक कोयला व्यवसायी के कार्यालय में रंगदारी को लेकर गोलीबारी की गयी थी। जिसमें अमन साहु गैंग का नाम आया था। उक्त मामले में कोलकाता पुलिस ने देवघर के कुंडा और मोहनपुर थाना क्षेत्र से दो बदमाशों को पकड़ा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि देवघर के किस अपराधिक गैंग से अमन साहु के तार जुड़े हैं।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि 27 मार्च को सरे शाम करीब 6.35 बजे के आसपास नगर थाना क्षेत्र के राय एंड कंपनी चौक पर स्थित हरदेव कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यालय में घूस कर बाइक सवार दो अपराधियों ने गोलीबारी की थी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश आराम से बाइक पर सवार होकर फरार हो गये थे। इस घटना में कार्यालय में काम कर रहे कुछ कर्मी बाल- बाल बचे थे। दो गोली जाकर टेबुल में लगी थी।


