Deoghar: जसीडीह थाना क्षेत्र के सरासनी गांव में बुधवार की सुबह हुई मारपीट की घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। मृतका की पहचान पोदीना देवी के रूप में हुई है। उसके घायल पति का नाम कामदेव मांझी बताया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही जसीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घायल कामदेव मांझी को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतका के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतका के दामाद बिहार के जमुई जिले के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के डढ़वा गांव निवासी मानझो मांझी ने बताया कि ससुराल वालों से घटना की जानकारी मिलने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ सरासनी गांव स्थित ससुराल पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनकी सास पोदीना देवी की मौत हो चुकी थी, जबकि ससुर कामदेव मांझी घायल अवस्था में पड़े थे।
दामाद के अनुसार, ससुराल वालों ने बताया कि कामदेव मांझी काफी नशे के आदी थे। बुधवार की सुबह सास और ससुर के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इस दौरान दोनों के बीच ईंट-पत्थर भी चले। इसी मारपीट और धक्का-मुक्की के दौरान पोदीना देवी नीचे गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
बताया गया कि चोट लगने के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारण और घटना के क्रम को लेकर पुलिस हिरासत में लिए गए बेटे से पूछताछ कर रही है।



