
Ranchi: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे चरण के तीसरे दिन बुधवार को भी भाजपा विधायकों ने नियोजन नीति के विरोध में विधानसभा मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। भाजपा विधायकों ने 1932 की भेलो, 60-40 नाय चलतो, युवा विरोधी मुख्यमंत्री इस्तीफा दो, नियोजन नीति लागू करो के नारे लगाए।

भाजपा सदन के बाहर और भीतर इस मुद्दे का विरोध कर रही है। इस वजह से सोमवार और मंगलवार को प्रश्नकाल बाधित रहा। भाजपा विधायक अमर कुमार बावरी ने कहा कि सरकार का राज्य के युवाओं के भविष्य से कुछ लेना-देना नहीं है। लूट में लगी यह महागठबंधन की सरकार पिछले सवा तीन वर्ष से युवाओं को ठग रही है। पांच लाख प्रतिवर्ष रोजगार का वादा कर सत्ता में आई हेमंत सरकार नौकरी तो नहीं दे सकी लेकिन हजारों करोड़ का खनिज लूट चुकी है। मुख्यमंत्री सदन का सामना करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। सरकार युवाओं के मामले में पूरी तरह बैकफुट पर है।




