
Deoghar: संथाल परगना वासियों के लिए अच्छी खबर है। देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन के दिन से ही पटना और रांची के लिए हवाई सेवा की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें देवघर से पटना या रांची जाने के लिए हवाई सेवा शुरू होने का इंतजार नहीं करना होगा। क्योंकि 26 मार्च 2023 से देवघर से पटना और 27 मार्च 2023 से देवघर से रांची के लिए इंडिगो अपनी फ्लाइट सर्विस शुरू करने जा रही है।

इतना ही नहीं, इन दोनों जगहो के लिए बुकिंग भी शुरू हो गई है। अब आप महज एक घन्टे में देवघर से पटना या देवघर से रांची पहुंच सकेंगे।

देवघर से पटना जाने के लिए इंडिगो की फ्लाइट (6E-7944) देवघर एयरपोर्ट से सुबह 11.15 में उड़ान भरकर एक घन्टे में दोपहर 12.15 में पटना जय प्रकाश नारायण एयरपोर्ट पहुंचेगी।
इसी तरह देवघर से रांची जाने के लिए इंडिगो की फ्लाइट (6E-7965) देवघर एयरपोर्ट से दोपहर बाद 4 बजकर 45 मिनट पर उड़ान भरकर महज 55 मिनट में शाम पांच बजकर 40 मिनट पर रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंड करेगी।
अगर, पटना और रांची से फ्लाइट के जरिये देवघर आने की बात करें तो, पटना एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट (6E-7945) दोपहर 12.35 में उड़ान भरकर 1.35 में देवघर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी।
जबकि, रांची एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट (6E-7964) रांची एयरपोर्ट से दोपहर बाद 3 बजकर 25 मिनट पर उड़ान भरकर एक घन्टे में देवघर एयरपोर्ट पर 4 बजकर 25 मिनट पर यात्रियों को लेकर पहुंचेगी।


