
Deoghar (Sarath): जिले के सारठ प्रखंड सहित देवघर जिला को जामताड़ा से जोड़ने वाली सारठ बस्ती पालाजोरी सड़क प्रमुख सड़क है। इन दिनों उक्त सड़क पर मजबूती करण का कार्य चल रहा है। रविवार की सुबह चितरा कोलियरी के तिवारी चौक के पास संवेदक द्वारा कराए जा रहे सड़क मजबूती करण कार्य की गुणवत्ता देखकर झारखंड के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सह झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता भड़क उठे और कार्य कर रहे कर्मियों पर जमकर बरसे। साथ ही पिचिंग का कार्य करने आए मजदूरों और वाहन को लौटा कर कार्य बंद करा दिया गया । इस दौरान कोई भी इंजीनियर या इंचार्ज मौजूद नहीं थे ।

वहीं इस संबंध में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुबे के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता ने कहा कि चितरा कोलियरी एरिया में सड़क पर मिट्टी और धूल जम जाते हैं। जिसे अच्छी तरह साफ कर ही पिचिंग करना है। संवेदक कर्मी द्वारा सड़क पर जमी धूल और मिट्टी को साफ किए बगैर ही पिचिंग करा दिया जाता है। जिससे सड़क की गुणवत्ता खराब हो रही है ।

आगे कहा कि सारठ बस्ती पालाजोरी सड़क मजबूती करण कार्य में संवेदक कर्मी सभी नीति-सिद्धांत और मापदंडों को ताक में रखकर कार्य कर रहे हैं। संवेदक की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि संवेदक पूरी तरह से धोखाधड़ी पर उतर आया है । इस संबंध में संवेदक के खिलाफ विभाग के वरीय पदाधिकारियों से पत्राचार कर कार्रवाई की मांग की जाएगी ।


