Deoghar News : देवघर-बासुकिनाथ मार्ग पर दुमका जिलांतर्गत तालझारी थाना क्षेत्र के बूढ़ीकुरा के पास गुरुवार को अनियंत्रित पिकअप वैन ने श्रद्धालुओं से भरे ऑटो में धक्का मार दिया। हादसे में ऑटो सवार एक श्रद्धालु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल भागलपुर जिले के घोघा कोदवारी गांव निवासी 60 वर्षीय श्रद्धालु नाटा महलदार को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अन्य श्रद्धालु को बेहतर इलाज के लिए घटनास्थल से दुमका भेजा गया है। उसकी हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं घायल छह श्रद्धालुओं को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज चल रहा है।

देवघर सदर अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार घायलों में अजय कुमार, नीतीश कुमार, प्रमिला देवी, गीता देवी और पिंकी देवी शामिल हैं। मृतक व घायल श्रद्धालुओं में अधिकांश भागलपुर जिले के घोघा कोदवारी गांव के रहने वाले हैं।
वहीं घायल पिंकी भागलपुर जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लुदानपुर दुधैला गांव की रहने वाली बतायी गई है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना में दो श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।



