Deoghar : साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस ने मधुपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 16 सितंबर को यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मधुपुर थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट/अमेजन पे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी, गूगल पे/फोनपे कस्टमर केयर प्रतिनिधि एवं पीएम किसान योजना के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिश दास, ग्राम बियाही गड़हा, थाना मधुपुर; सुमेश महरा, साकिन खरना, थाना सारठ; राहुल दास, साकिन रोहिणी आजान टोला, थाना जसीडीह; तथा दिनेश दास, साकिन गुनियासोल, थाना मधुपुर, सभी जिला देवघर के रूप में की गई है।
फर्जी कस्टमर केयर बनकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की अपराध शैली में फर्जी गूगल पे, फोनपे एवं पेटीएम कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देकर ठगी करना शामिल है। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल एवं आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने और उसके माध्यम से ठगी करने की बात सामने आई है। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन एवं चार सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन एवं सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है।
कई राज्यों में दर्ज मिली साइबर ठगी की शिकायतें
पुलिस के अनुसार तकनीकी जांच के बाद गिरफ्तार आरोपियों के पास से जब्त मोबाइल नंबर एवं आईएमईआई नंबर के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी सुमेश महरा पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 102/24 में भी आरोपित रहा है। कार्रवाई में पुनि संतोष कुमार मंडल, साइबर थाना देवघर, पुनि राजीव कुमार, मधुपुर थाना प्रभारी, सहित मधुपुर थाना की टीम शामिल रही।



