
Medininagar : झारखंड के पलामू जिले में बेखौफ अपराधियों ने लूटपाट के दौरान एक प्रज्ञा केंद्र संचालक और उनके पति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुटार के पास हुई इस वारदात में महिला संचालक के पैर में गोली लगी है, जबकि उनके पति बाल-बाल बच गए।

अपराधी दंपती से करीब तीन लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, लातेहार जिले के बरवाडीह निवासी शमा परवीन पलामू के हुटार में प्रज्ञा केंद्र का संचालन करती हैं।

सोमवार को वह अपने पति इसराफील के साथ बाइक से बरवाडीह से हुटार जा रही थीं। इसी दौरान हुटार के पास दो बाइकों पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और पैसों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। जब दंपती ने लूट का विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी।
एक गोली शमा परवीन के पैर में लगी, जबकि एक गोली उनके पति इसराफील के कान को छूते हुए निकल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी नकदी से भरा बैग लेकर चंपत हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल लातेहार जिले के बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही बरवाडीह की जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हाल-चाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। हम सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर रहे हैं। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (IANS)


