
Deoghar: बिहार में पदस्थापित महिला पुलिस अवर निरीक्षक व उसके परिजनों के साथ मारपीट करने को लेकर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है।

दर्ज मामले में महिला दारोगा मौसम का कहना है कि वह दो माह के छोटे बच्चे व परिजन के साथ पूजा करने बाबा मंदिर आई थी। पूजा करने के बाद परिवार के सभी सदस्य एक चार पहिया वाहन से वापस लौट रहे थे। उसी क्रम में शिवगंगा के समीप एसबीआइ एटीएम के समीप गाड़ी जाम में फंस गई।

उसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार एक व्यक्ति वहां पहुंचकर गाली गलौज कर गाड़ी की चाभी छीन लिया। विरोध करने पर महिला दारोगा का बाल पकड़कर बाहर खिंचने लगा। उस समय उनकी गोद में दो माह का बच्चा था। बीच बचाव करने आए उसके साथी ने पति और भाई के साथ भी मारपीट किया। महिला दारोगा को नीचे गिरा दिया। गाड़ी के पीछे का शीशा भी तोड़ दिया।
आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर बचाया। जाते-जाते उस व्यक्ति ने गाड़ी सहित जलाकर मार देने की धमकी दी।
इधर, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


