Deoghar: देवघर की सोनारायठाढी थाना पुलिस के सहयोग से बिहार के जमुई जिले की चकाई थाना पुलिस ने अपराधी पांचू अंसारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार पांचू चकाई थाना क्षेत्र के इकतारा गांव का रहने वाला है। वह पूर्व में जेल गए कुख्यात अपराधी मंटू यादव का सहयोगी बताया जाता है। बताते चलें कि मंटू यादव देवघर नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी यादव हत्याकांड का भी आरोपी रहा है। पिछले दिनों जमुई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
गिरफ्तार पांचू पर बिहार और झारखंड में कई मामले हैं दर्ज
पांचू अंसारी को गिरफ्तार करने चकाई पुलिस तकनीकी सेल की जांच के सहारे सोनारायठाढी थाना पहुंची। सोनारायठाढी के थाना प्रभारी अफरोज आलम सदलबल चकाई पुलिस के साथ छापेमारी के लिए महापुर गांव पहुंचे जहां एक रिश्तेदार के घर पांचू छुपा था। उसे गिरफ्तार कर चकाई पुलिस अपने साथ ले गई। बताया जाता है की पांचू के खिलाफ चकाई थाना में लूट, डकैती और जानलेवा हमला एवम आर्म्स एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं। देवघर और गिरिडीह जिले में भी मामला दर्ज है।