Deoghar: देवघर नगर थाना में एक किशोरी के गायब होने का मामला दर्ज कराया गया है। किशोरी के पिता ने एक लड़के पर बहला-फुसला कर उनकी बेटी को भगा ले जाने का आरोप लगाया है।
गायब किशोरी के पिता ने पुलिस से कहा है कि उनकी बेटी 12वीं की छात्रा है। 22 जनवरी को किसी साथी की जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गई थी। लौटने में जब देर शाम हो गई तो उसके भाई ने डांट लगा दी और मोबाइल उससे ले लिया। उसके बाद वह कमरे में सोने चली गई। लेकिन सुबह जब घर वालों ने देखा तो वो अपने कमरे में नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी वो नहीं मिली।
पिता ने बताया कि उसका मोबाइल चेक करने पर जानकारी मिली कि किशोरी किसी लड़के से बातचीत करती थी। उसी लड़के पर किशोरी को शादी की नियत से बहला-फुसला कर भगा ले जाने की आशंका जाहिर की गई है। पिता ने पुलिस से अपनी बेटी को सही-सलामत खोज लाने की गुहार लगाई है।
इधर, मामला दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।