
Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यसमिति की बातों और संकल्पों को जमीन पर उतारने के लिए 23-24 जनवरी को दो दिवसीय बैठक देवघर में आयोजित है। दीपक प्रकाश शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि 23 जनवरी को 10 बजे से प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी,एवम प्रमुख नेताओं की बैठक होगी। अपराह्न तीन बजे कार्यसमिति बैठक का विधिवत उद्घाटन होगा। सात सत्रों में आयोजित बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव के साथ वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन होगा। राज्य के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा के साथ सांगठनिक मजबूती एवं राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार आंदोलन की रूपरेखा भी तय होगी।

दीपक ने कहा कि रामगढ़ उपचुनाव में एनडीए उम्मीदवार की होगी जीत। उम्मीदवार की अधिकृत घोषणा पर प्रकाश ने कहा कि भाजपा आजसू का पुराना और नैसर्गिक संबंध है। झारखंड आंदोलन में दोनों पार्टियों ने साथ-साथ संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है। इसलिए उम्मीदवार की विधिवत घोषणा सही समय पर केंद्रीय नेतृत्व करेगा।


