Ranchi: ईडी (ED) ने संजय तिवारी के खिलाफ झारखंड पुलिस को एफआइआर दर्ज करने को कहा है। ईडी के अधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि ईडी ने झारखंड पुलिस को इस संबंध में पत्र लिखा है। संजय तिवारी के खिलाफ उन पांच एसयूवी के लिए फर्जी पंजीकरण संख्या का उपयोग करने के लिए प्राथमिकी दर्ज करने को कहा है, जिनका वह उपयोग कर रहा था।

ईडी जांच में खुलासा हुआ है कि झारखंड मिड डे मील के 100 करोड़ रुपये के घोटाले का मास्टरमाइंड संजय तिवारी अपने वाहनों के लिए फर्जी पंजीकरण संख्या का इस्तेमाल कर रहा था। उसने राष्ट्रीय राजमार्ग का जाली पहचान पत्र भी बनवाया था। ईडी ने छापेमारी के दौरान इन वाहनों और आईडी कार्ड को जब्त किया था।

ईडी ने एनएचएआई को भी बताया है कि संजय तिवारी ने अपनी तस्वीर लगा कर किसी और के नाम से एनएचएआई का फर्जी पहचान पत्र बनवाया था। फर्जी पंजीकरण संख्या और नकली आईडी का उपयोग करना जालसाजी का मामला है। ईडी ने अपनी जांच रिपोर्ट में कहा है कि संजय तिवारी ने एसयूवी के लिए इस तरह के फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर और एनएचएआई के आईडी का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया है।



