Jamtara: जामताड़ा के चेगायडीह गांव में मंगलवार को तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई।

बताया जा रहा कि स्कूल से घर लौटने के बाद दोपहर में तीनों बच्चे खेलने के लिए बाहर निकले थे। खेलते-खेलते वे गांव के चिरकुटोला स्थित तालाब की ओर चले गए और उसमें डूब गए। तालाब घर से करीब आधा किलोमीटर दूर है।

ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को तालाब से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान आर्यन अंसारी (5), नासिर अंसारी (6) और अमर सोहेल (6) के रूप में हुई है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर जामताड़ा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही थी।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



