
New Delhi: केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि झारखंड में ‘श्री सम्मेद शिखर जी’ तीर्थ स्थल ही रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में केंद्र सरकार ने पावन तीर्थ ‘सम्मेद शिखर जी’ की पवित्रता को बनाए रखने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। झारखंड में ‘श्री सम्मेद शिखर जी’ तीर्थ स्थल ही रहेगा। उसमें कोई बदलाव नहीं होगा। इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह स्थल सिर्फ जैन समाज के लिए नहीं बल्कि पूरे देश के लिए पवित्र स्थान है। इस मुद्दे को लेकर लगातार मुनि श्री प्रमाण सागर जी महाराज का मार्गदर्शन एवं समाज के अन्य प्रतिनिधियों के संपर्क में था। मैंने उन्हें आश्वस्त किया था, श्री सम्मेद शिखर जी तीर्थ स्थल ही रहेगा।

केंद्र सरकार इसे लेकर गंभीर है। हर संभव कदम उठाया जाएगा। अब इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। तीर्थ क्षेत्र में कोई निर्माण कार्य नहीं होगा और स्थल की पवित्रता बनाए रखने के लिए वहां होटल, ट्रैकिंग और नॉन वेज पर भी रोक रहेगी।
उन्होंने कहा कि बोर्ड में जैन धर्म के भी प्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जैनधर्म ने समाज कल्याण, मानवता व आध्यात्मिक चेतना के पुनर्जागरण में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है।



