
Deoghar: किराए पर लेकर वाहनों का लूट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ने में मारगोमुंडा थाना की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में चार अपराधी सहित लूटी गई दो चार पहिया वाहन को जब्त किया है।

प्रेसवार्ता आयोजित कर एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया कि कार के चालक की शिकायत पर थाना प्रभारी व सर्किल इंस्पेक्टर घटनास्थल पहुंचे। यहां पहुंचने पर पता चला कि जमेशदपुर से गाड़ी रिजर्व कर वाहन को इसी रास्ते से लेकर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मारगोमुंडा थाना क्षेत्र में किशनपुर धमनी-पदनियां मुख्य मार्ग स्थित सुनसान इलाके में अपराधकर्मियों ने चालक के साथ मारपीट कर वाहन लूटकर फरार हो गए।

वाहन में लगी जीपीएस के सहारे लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस जामताड़ा थाना क्षेत्र के फुलजोरी पहुंची। जहां वाहन को पीछा करते हुए पकड़ा गया। वाहन में बैठे तीन आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के क्रम में सभी ने वाहन लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर लिया है। साथ ही इन लोगों ने चौथे साथी इलियास के बारे में पुलिस को बताया।

मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए इलियास को धरदबोचा गया। यहां से भी एक वाहन बरामद किया गया। यह वाहन बंगाल से किराए पर लिया था। जिसे धनबाद के पास लूट लिया गया था। गिरोह बिहार, बंगाल और झारखंड के कई इलाकों से चार पहिया वाहन को लूट की वारदात को अंजाम देता है।
गिरोह के सदस्य वाहन को पहले किराए पर लेते है, इसके बाद मौका देखकर वाहन लूटकर फरार हो जाते है। मौके पर एसडीपीओ मधुपुर विनोद रमानी, सर्किल इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह, मारगोमुंडा थाना प्रभारी अनुरंजन समद मौजूद थे।
ये हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार होने वाले आरोपितों में जामताड़ा जिला के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चेंगायडीह निवासी सिराज अंसारी, नारोडीह निवासी वाहिद अंसारी व सौकत अंसारी व वर्द्धमान जिला के सलानपुर थाना क्षेत्र के रूपनारायणपुर निवासी इलियास खान शामिल है।
इनके पास से मारगोमुंडा थाना क्षेत्र से 23 दिसंबर को लूटी गई जेएच 05डीसी 3475 नंबर की स्वीफ़्ट डिजायर, 11 नवंबर को चिरकुंडा थाना इलाके के गलफर बाड़ी ओपी क्षेत्र से लूटी गई डब्ल्यूबी17-5511 नंबर की स्वीफ़्ट डिजायर सहित तीन मोबाइल फोन बरामद किया है।


