
जसीडीह (देवघर): कोरोना महामारी को लेकर इस बार भी बाबाधाम में श्रावणी मेला का आयोजन नहीं होगा। ऐसे में राज्य सरकार के आदेश पर सावन माह के दौरान बाबाधाम में आने वाले श्रद्धालुओं को देवघर से बाहर ही रोक देने को लेकर पुलिस महकमा तैयारी में जुट गया है।

व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को लेकर सोमवार को जसीडीह पुलिस लाइन परिसर में अंतर्राज्यीय पुलिस पदाधिकारी की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान सीमावर्ती बिहार और झारखंड के पुलिस पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से निर्णय लेते हुए कांवरियो के आवागमन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की रणनीति तैयार की गई।


रणनीति के तहत बिहार और झारखंड मे जगह-जगह चेक पोस्ट बनाया जाएगा। वहीं, अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए साईनबोर्ड फ्लैकस समेत अन्य माध्यमों का सहारा लेने का निर्णय लिया गया है। ताकि श्रद्धालुओं को जानकारी मिल सके कि बाबा मंदिर बंद है। बाबा बैद्यनाथ मंदिर के आसपास के क्षेत्र में सभी चौक चौराहे को बैरिकेडिंग कर बंद किया जाएगा। सुल्तानगंज से जल लेकर आने वाले कांवरियों को बिहार के रास्ते में रोकने के लिए व्यापक पैमाने पर पुलिस पदाधिकारी और जवानो को तैनात किया जाएगा।
सीमावर्ती झारखंड के दर्दमारा, खोरीपानन और दुम्मा बाॅर्डर पर पुलिस पदाधिकारी के साथ भारी संख्या में जवानो को तैनाती करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, आने श्रद्धालुओ को किसी भी शर्त पर देवघर प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा। कोरोना को लेकर ये निर्णय लिया गया है। ताकि बाबा मंदिर के आसपास भीड़ इकट्ठा न हो और संक्रमण फैलने का खतरा न रहे।

बैठक के दौरान जमुई जिला के झाझा एसडीपीओ सतीश चंद्र मिश्रा, बांका जिला के बेलहर एसडीपीओ प्रेमचन्द्र सिंह, चन्दमनडीह थाना प्रभारी चन्द्रभूषण सिंह, सिमुलतला प्रभारी राजकुमार, चांदन प्रभारी रविशंकर कुमार, कटोरिया इंस्पेक्टर अनिल कुमार, देवघर एसडीपीओ पवन कुमार, हेड क्वार्टर डीएसपी मंगल सिंह जामुदा, सार्जेंट मेजर शेरू रंजन, जसीडीह थाना प्रभारी विक्रम प्रताप सिंह, देवघर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह व मोहनपुर प्रभारी व अन्य मौजूद थे ।


