
Hiranpur (Pakud) : सुबह-सुबह किराये पर जाने से पहले सफाई के बाद ज्योंहि पूजा करने के लिए अगरबत्ती जलायी तो ऑटो में आग लग गयी. इस हादसे में ऑटो में बैठे मालिक सह चालक प्रीतम साहा (40) की जल कर मौत हो गयी. यह घटना हिरणपुर थाना क्षेत्र के तोड़ाई गांव की है.

हादसे में संबंध में मृतक की पत्नी पूजा साहा ने बताया कि अहले सुबह ही प्रीतम ऑटो लेकर भाड़ा पर जानेवाले थे. रात को ऑटो में पेट्रोल खत्म हो गया था. इस कारण वे बाेतल में पेट्रोल लेकर ऑटो में बैठे थे. इसके बाद ऑटो की सफाई के बाद अगरबत्ती जलाने के कारण यह हादसा हो गया. जब तक घर से बाहर पहुंचते, पूरी तरह से ऑटो सहित पति की मौत हो गयी थी.

घटना की सूचना मिलते ही थाना के एएसआइ छोटेलाल यादव, शौकत अली अंसारी सहित पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली. स्थानीय लोगों की मानें तो मृतक प्रीतम अच्छे व्यक्ति थे. कुछ दिन पहले ही उसने नया ऑटो खरीदा था. मृतक ने अपने पीछे पत्नी पूजा साहा के अलावा दो पुत्री व एक पुत्र छोड़ गये.
पुलिस ने जले हुए ऑटो से जला हुआ शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. सूत्रों की मानें तो मृतक का जीभ निकला हुआ था. हालांकि घटना कैसे घटी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस घटना के हर बिंदुओं पर गहन छानबीन में जुटी हुई है.



