Madhupur (Deoghar): देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में 24 अक्टूबर की रात को हुए सबैजोर गांव निवासी 18 वर्षीय मजदूर बूचौली तुरी की हत्या का उद्भेदन पुलिस ने कर लिया है। युवक बूचौली की हत्या प्रेम प्रसंग में साजिश के तहत की गयी है। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त गला घोटने वाली रस्सी का दूसरा भाग पुलिस ने बरामद कर लिया है। हत्याकांड में शामिल 49 वर्षीय सरलू रवानी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार रवानी ने बताया कि प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या की गई है। लड़की के पिता ने निर्मम तरीके से युवक की हत्या कर दी। जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी हो कि मृत युवक बूचौली तुरी की मां अभवा देवी ने अज्ञात लोगों द्वारा बेटे की हत्या करने का मामला थाना में दर्ज कराया था। मृतका की मां अभवा देवी ने पुलिस को शिकायत में कहा था कि गत 24 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे किसी ने मेरे बेटे के मोबाइल पर फोन किया। बेटा कुछ घंटे में काली मंदिर के पास से आने की बात कह कर घर से गया। रात में नींद आने के कारण वह सो गई, सुबह 4 बजे जगी तो देखा बेटा बिस्तर पर नहीं है। घर से बाहर निकल कर खोजबीन करने लगी। गांव के लोगों से जानकारी मिली की दुबरा जंगल के पास ट्रेंच में किसी ने उसके बेटे की हत्या कर शव को फेंक दिया है। मृतका की मां ने दावा किया है कि गांव के अगल-बगल के अज्ञात व्यक्तियों ने ही उसके बेटे की हत्या की है। इस मामले की छानबीन कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
बता दें कि मृतक बूचौली तुरी अपने मामा घर में रहता था। ट्रैक्टर में मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था।