
Ranchi: राजधानी रांची में मंगलवार सुबह से ही बारिश हो रही है। इस बीच राज्य में दो दिनों यानी 22 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। सबसे ज्यादा बारिश राज्य के दक्षिण इलाके में देखने को मिलेगी जबकि 23 और 24 सितंबर को राज्य भर में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने मंगलवार को बताया कि साइक्लोनिक सर्कुलेशन (cyclonic circulation) की वजह से बंगाल में लो प्रेशर एरिया बन रहा है, जो ओडिशा के तट से होकर गुजरेगा और छत्तीसगढ़ होते हुए आज झारखंड में प्रवेश करेगा। इसके बाद राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिलेगी।

उन्होंने बताया कि रांची, रामगढ़, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला -खरसावां जिले में कुछ भागों में अगले एक से तीन घंटे में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन तथा व्रजपात के साथ वर्षा होने की प्रबल संभावना है। विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से लोगों से आग्रह किया गया है कि वे इस दौरान सतर्क और सावधान रहें। सुरक्षित स्थान पर शरण लें। पेड़ के नीचे ना रहें। बिजली के खंभों से दूर रहें। किसान खेतों में ना जाएं और मौसम सामान्य होने की प्रतीक्षा करें।



