Deoghar: देवघर स्थित शिवगंगा के पास रविवार की सुबह 10 बजे के आसपास एक अज्ञात महिला श्रद्धालु का शव बरामद किया गया था। उसे एम्बुलेंस के जरिये देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जाता कि शिवगंगा के किनारे सुबह वह महिला सोई अवस्था में पड़ी थी। काफी देर तक नहीं उठने के बाद स्थानीय पूजारी एवं आसपास के दुकानदारों ने उसे उठाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं उठी। उसके बाद एम्बुलेंस को कॉल कर बुलाया गया और उसे अस्पताल भेजा गया। जहां देखने के बाद ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दोपहर बाद महिला की पहचान कमली देवी साकिन खड़हारा जिला बांका के रूप में हुई। बताया जाता है कि महिला के पास मोबाइल था। उक्त मोबाइल से पूजारी के द्वारा उसके परिजनों से संपर्क किया गया। शाम को एक महिला श्रद्धालू पहुंची और उसने शव को देखकर कहा कि मृतका रिश्ते में उसकी बड़ी मां लगती है। मृतका को कोई बच्चा नहीं है पति का भी देहांत पूर्व में हो गया है।
पैदल यात्रा के दौरान हुआ पेट दर्द तो बस से देवघर पहुंची थी महिला
महिला ने बताया कि सभी लोग एक साथ सुलतानगंज से जलभर कर पैदल देवघर आ रहे थे। रास्ते में जिलेबिया मोड़ के पास उसकी बड़ी मां के पेट में दर्द होने लगा। उसने उससे कहा कि वह पैदल चलने में असमर्थ है बस से देवघर चली जायेगी। बताया कि वह बस देवघर पहुंची और शिवगंगा के पास रूकने की बात कही थी। उसने बताया कि रास्ते में उसके साथ गावं के जत्था में चल रहे एक श्रद्धालु का कॉल आया कि उसकी बड़ी मां की मौत हो गयी है। यह सुनते ही वह जल को रास्ते में ही रखकर बस से देवघर पहुंची। वहां से सदर अस्पताल पहुंची उसके बाद शव की पहचान किया।
इधर ओपी प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अन्य परिजन आयेंगे उसके बाद शव को सुपूर्द कर दिया जायेगा।