Ranchi: अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. गौरव वल्लभ ने कहा कि आदिवासियों को अपमानित करना भाजपा के डीएनए में है। आदिवासी की बेटी के साथ निलंबित भाजपा नेता सीमा पात्रा ने रेयरेस्ट ऑफ़ रेयर क्राइम किया है। भाजपा नेता ने आदिवासी बेटी सुनीता को बंधक बनाया, जीभ से घर का फर्श साफ करवाया, गर्म तवे से उसकी शरीर को दागा और तो और पेशाब तक पिलाया। इस प्रकार का जघन्य अपराध को करने वाली भाजपा नेता को पार्टी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का प्रदेश संयोजक बनाया था।
वल्लभ बुधवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आदिवासी भाई-बहनों के प्रति यही भाजपा की असल चाल-चरित्र और चेहरा है। हम देश के प्रधानमंत्री व गृह मंत्री से मांग करते हैं कि वे इस मामले में पूरे देश के आदिवासियों से माफी मांगे। आदिवासी का बेटा या बेटी आगे बढ़े, भाजपा ये बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। भाजपा उस आदिवासी के बेटे को सीएम पद से हटाने के लिए क्या-क्या हथकंडे नहीं अपना रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता के मैंडेट का हरण करना चाह रही है लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकलेगा। जीत सच्चाई की होगी। झारखंड के सभी विधायक एकजुट हैं। सरकार को कोई खतरा नहीं है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष बन्धु तिर्की, प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, आभा सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, कार्यालय प्रभारी अमुल्य नीरज खलखो, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गुंजन सिंह उपस्थित थीं।