
Deoghar: देवघर जिले के उपयुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शानदार पहल की है। रात के अँधेरे में सुदूर इलाकों में खुद पहुंच न सिर्फ देवघर डीसी लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं बल्कि ग्रामीणों की परेशानियों को दूर करने के साथ साथ उनके साथ रात का भोजन भी कर रहे हैं। इस कार्यक्रम को नाम दिया गया है डिनर विद डीसी।

सर्वजन पेंशन योजना को व्यापक एवम प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के द्वारा एक नई पहल करते हुए सर्वजन पेंशन योजना के लाभुकों के साथ डिनर विद डीसी (#Dinner with DC) कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त ने देवीपुर प्रखंड अंतर्गत झुन्डी पंचायत के झुन्डी ग्राम में शनिवार देर शाम पहुंच कर सर्वजन पेंशन योजना के लाभुकों के साथ संगोष्ठी करते हुए उनके साथ सांकेतिक रूप से रात्रि भोजन किया। उपायुक्त ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित करते हुए सर्वजन पेंशन योजना के तहत सभी लाभुकों को लाभ दिलाना सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। मौके पर उपस्थित सिविल सर्जन को उपायुक्त ने कैंप लगाकर दिव्यांगता पेंशन प्रमाण पत्र निर्गत करने का निर्देश दिया ताकि ऐसे सभी दिव्यांग जनों को सरकारी योजना का लाभ प्राप्त हो सके जो कतिपय दिव्यांगता प्रमाण पत्र के अभाव में योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। इनमें 60 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धजन भी काफी संख्या में शामिल थे। डीसी ने कहा कि सर्वजन पेंशन योजना सरकार की अति महत्वकांक्षी योजना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी की सोच है कि समाज के अंतिम पायदान पर बैठे किसी भी व्यक्ति को उनके अधिकारों से वंचित नहीं किया जाए। उनके हक को उनके द्वार तक पहुंचाई जाए। इसी उद्देश्य सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की शुरुआत की गई। पेंशन योजना पर किसी भी संख्या सीमा को हटाते हुए सबों के लिए पेंशन योजना की शुरुआत की गई, ताकि कोई भी वृद्ध माता-पिता, परित्यक्त महिलाएं, विधवा माताएं एवं बहनें, दिव्यांगजन सामाजिक सुरक्षा के अधिकार से वंचित न रहें। अब पूर्व की भांति इसमें कोई निर्धारित संख्या सीमा नहीं है। जो भी अहर्ताधारी होंगे। सभी को पेंशन योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निदेशित करते हुए कहा कि योजना के लाभ से कोई भी वंचित ना रहे इसे सुनिश्चित करें।
मौके पर सिविल सर्जन जुगल किशोर चौधरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय कुमार सिंह, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका के साथ-साथ अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
















