
Ranchi : पश्चिम बंगाल के ग्रामीण हावड़ा के पांचला में वाहन जांच के दौरान 45 लाख नगदी के साथ शनिवार रात को हिरासत में लिए गए झारखंड के तीन कांग्रेस विधायक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को हावड़ा की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने इन्हें 10 दिनों की हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा है।

आपको बता दें कि इनके पास से करीब 49 लाख 37 हजार 300 रुपये बरामद किये गये थे। इन आरोपियों में जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, कुमार प्रतीक और चंदन कुमार शामिल हैं।

सरकारी अधिवक्ता तारागति घटक ने बताया कि हावड़ा कोर्ट ने पांचों आरोपियों को 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा है। जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल, कुमार प्रतीक और चंदन कुमार आरोपियों में शामिल हैं।
बता दें कि हावड़ा पुलिस को खबर मिली थी कि पांचला से झारखंड नंबर की एक गाड़ी गुजरनेवाली है। इस गाड़ी में भारी-भरकम कैश होने की सूचना थी। सूचना मिलते ही रानीहाटी मोड़ पर विशेष वाहन चेकिंग की गयी। जब गाड़ी की तलाशी ली गयी, तो गाड़ी की डिक्की में भारी मात्रा में नकदी मिलते ही सभी को हिरासत में ले लिया गया था। मशीन से कैश की गिनती की गयी थी।


