
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के पुराना मीनाबाजार स्थित फव्वारा चौक के पास 9 जून को झौंसागढ़ी निवासी शम्भू नाथ साह से पुलिसकर्मी बता कर झांसा देकर जांच के नाम पर दो सोने की अंगूठी की ठगी कर एक युवक फरार हो गया। इसे लेकर नगर थाना में मामला दर्ज कराया गया है।

पीड़ित ने कहा कि वह दिन के 10 बजे के आसपास सीपी ड्रॉलिया रोड स्थित ऑफिस जा रहा था। उसी दौरान फब्बारा चौक के पास एक व्यक्ति ने उसे रोका और कहा कि वह एसपी का आदमी है। एक आदमी सोने का आभूषण से भरा बैग लेकर फरार हुआ है। जिसकी जांच की जा रही है। युवक ने पूछा कि आप क्या करते हैं। उसके पास एक झोला था वह चेक करने लगा। उसी दौरान उसके हाथ में पहने दो सोने की अंगूठी को खोलने के लिए कहा।

अंगूठी खोलने के बाद वह उसे अपने हाथ रखे एक कागज में लपेट लिया। उसके बाद उसे रुमाल निकालने को कहा। रुमाल देने के बाद वह युवक पेपर को रुमाल में लपेट कर उसे दे दिया और घर जाने को कह दिया। वह जब अपने ऑफिस पहुंच कर रुमाल को खोला तो अंगूठी नहीं मिली। तब उसे एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया है।
अंगूठी की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है। नगर पुलिस मामला दर्ज कर पड़ताल में जुट गई है।


