Deoghar : देवघर नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी के सामान को छिपाकर रखने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा धपरा (20), पिता प्रदीप मल्लिक, निवासी केकेएनएम स्टेडियम तथा शाहिल धपरा (20), पिता बिरजू मल्लिक, निवासी क्लब ग्राउंड, पुराना बस स्टैंड, मीणा बाजार पानी टंकी, थाना नगर, जिला देवघर के रूप में हुई है। मामले में दोनों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

गुप्त सूचना पर बंगाली धर्मशाला में हुई छापेमारी : पुलिस के अनुसार, 24 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे पु०अ०नि० सुखदेव भगत सशस्त्र बल के आरक्षी 749 मुकेश किस्कु और गृहरक्षक आरक्षी 1872 प्रितम कुमार राय के साथ सरकारी वाहन से रात्रि गश्ती पर निकले थे। 25 अक्तूबर की रात करीब 2:10 बजे पुराना बस स्टैंड के आसपास भ्रमण के दौरान गुप्त सूचना मिली कि राजा धपरा और शाहिल धपरा देवघर शहर के विभिन्न घरों व दुकानों से चोरी किए गए सामान को बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन रोड स्थित बंगाली धर्मशाला के पुराने जर्जर भवन में छिपाकर रखते हैं।

सूचना से नगर थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद करीब 2:30 बजे पुलिस टीम बंगाली धर्मशाला पहुंची और सशस्त्र बल के सहयोग से भवन की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान दो व्यक्ति वहां से निकलकर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया।
कमरे से ये सामान बरामद : पुलिस के अनुसार, कमरे की तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोरे में बंधे दो पीतल के परात, एक पीतल की थाली, एक कांसा का लोटा, एक पीतल की डेगची, एक पीतल की बाल्टी, एक पीतल का गमला, एक कांसा की गगरी, एक पीतल की धूपदानी, एक पीतल का दीया, शिवलिंग स्थापित एक पीतल का दीया, कांती कंपनी के चार वाटर मीटर, KKM 15MM लिखा तीन पीतल के भल्व, एक कटर मशीन और एक फोल्डेबल चाकू बरामद किया गया।
चोरी कर सामान छिपाने की बात बताने का पुलिस का दावा : पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे देवघर शहर के विभिन्न घरों और दुकानों में चोरी करते हैं तथा चोरी कर लाए गए सामान को यहां छिपाकर रखते हैं। मौका मिलने पर पार्टी खोजकर सामान को औने-पौने दाम में बेचते हैं और मिले पैसे को आपस में बराबर-बराबर बांट लेते हैं।
रात अधिक होने के कारण आसपास स्वतंत्र साक्षी नहीं मिलने पर पुलिस टीम के साथ मौजूद आरक्षी 749 मुकेश किस्कु और गृहरक्षक आरक्षी 1872 प्रितम कुमार राय को स्वतंत्र साक्षी मानते हुए बरामद सामान को विधिवत जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए गिरफ्तार किया गया और जप्ती सूची की प्रति दी गई। बाद में दोनों को थाना हाजत में बंद किया गया तथा बरामद सामान को थाना मालखाना में सुरक्षित रखा गया।



