Dhanbad: झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा चौक के समीप ऊपर कुल्ही निवासी व्यवसाई रंजीत साव की शुक्रवार की दोपहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनकी ऊपर कुल्ही में एमआरएफ टायर का शोरूम है। यहीं उन्हें गोली मारी गई।

बताया जाता है कि रंजीत साव शुक्रवार की दोपहर शोरूम में बैठे हुए थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने शोरूम में घुसकर उन्हें गोली मार दी और फरार हो गए। घटना के काफी देर के बाद स्थानीय लोगों की नजर व्यवसायी पर पड़ी तब घटना की सूचना झरिया थाना को दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवसायी को धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।



