
Deoghar: जिले के सारठ थाना क्षेत्र में बिहार पुलिस पहुंची। पुलिस नाबालिग की तलाश में पहुंची थी। सारठ थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव निवासी चांद अंसारी पर सीमावर्ती जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र के बंधा गांव से एक नाबालिग लड़की को भगा लाने का आरोप है।

नाबालिग के पिता द्वारा चकाई थाने में की गई लिखित शिकायत पर चकाई थाना पुलिस ने गुरुवार को सारठ थाना पुलिस के साथ पिंडारी गांव में कई जगह छापेमारी की। लेकिन नाबालिग की बरामदगी नहीं हो पाई है और चकाई थाना पुलिस वापस लौट गई है। वहीं, नाबालिग के पिता अन्य परिजनों के साथ थाने आकर अपनी नाबालिग पुत्री की बरामदगी की गुजारिश करते दिखे।

बताया जा रहा है कि आरोपी लड़का नाबालिग लड़की को लेकर कहीं फरार हो गया है और दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते हैं। जबकि नाबालिग के पिता शादी के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं।
पिंडारी गांव के लोगों ने बताया कि आरोपी लड़का चांद अंसारी नाबालिग लड़की के पिता के पास करीब पांच वर्षों से काम करता था और उसी दौरान लड़की से उनकी नज़दीकियां बढ़ी। बीते मंगलवार की रात्रि को ही आरोपी लड़के ने नाबालिग लड़की को भगाकर अपने घर पिंडारी ले आया था। हालांकि इसको लेकर पंचायती में पंचों द्वारा दोनों की शादी कराने का प्रस्ताव दिया गया था। लेकिन नबालिग लड़की के पिता ने लड़की के नाबालिग होने और उस लड़के के साथ अपनी पुत्री का शादी कराने से साफ़ मना कर दिया था।
वहीं नाबालिग के पिता व परिजन का आरोप है कि आरोपी लड़का साइबर अपराध में भी संलिप्त है। इधर, पुलिस दोनों की खोजबीन में जुटे होने की बात कह रही है।


